नई दिल्ली: डब्ल्यूपीएल जल्द शुरू होने वाला है। इस टूर्नामेंट का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। 23 फ़रवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मुंबई इंडियन्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। हालांकि WPL शुरू होने से पहले गुजरात जाइंट्स ने बड़ा ऐलान किया है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे सत्र में कप्तान बनाया है।
फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इसकी घोषणा की। मूनी को पहले सत्र के लिए भी कप्तान बनाया गया था, लेकिन पहले मैच के बाद वह चोटिल हो गईं और टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में नहीं खेल सकीं। उनकी अनुपस्थिति में भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा ने टीम का नेतृत्व किया था। स्नेह को दूसरे सत्र के लिए उप कप्तान बनाया गया है।
यह भी पढ़ें
गुजरात 2023 में पांच टीम की प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर रहा था। फ्रेंचाइजी ने बयान में कहा, ‘‘वे (मूनी और स्नेह) मुख्य कोच माइकल क्लिंगर, मार्गदर्शक और सलाहकार मिताली राज तथा सहायक कोच नूशिन अल खादीर के साथ नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगी।” गुजरात जाइंट्स अपने अभियान की शुरुआत 25 फरवरी को बेंगलुरू में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)