Who is Naman Dhir, the Mumbai Indians debutant | कौन हैं नमन धीर: MI ने पंजाब की डोमेस्टिक टी-20 लीग से खोजा, IPL डेब्यू में 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए

स्पोर्ट्स डेस्क17 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को मुंबई इंडियंस के डेब्यूटांट नमन धीर ने अपने शॉट्स और बैटिंग से सभी को चौंका दिया। 24 साल के नमन मुंबई के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और 200 की स्ट्राइक रेट से 10 बॉल में 20 रन बना दिए।

MI की इनिंग्स के पहले ओवर में ईशान किशन जीरो पर आउट हो गए। उनके बाद नमन ने अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। धीर बैटिंग के साथ ऑफ स्पिनर बॉलिंग भी कर लेते हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ एक ओवर फेंका, लेकिन 13 रन दे दिए।

पंजाब की घरेलू लीग से मुंबई की नजर में आए
हरियाणा के अंबाला में पैदा हुए 24 वर्षीय बैटर नमन टी-20 के रेगुलर प्लेयर नहीं हैं। नमन पंजाब रणजी टीम का हिस्सा हैं लेकिन, वे पंजाब के घरेलू टूर्नामेंट शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग से फेमस हुए। यहीं से उन पर मुंबई इंडियंस के स्काउट्स की नजर पड़ी।

मुंबई ने दी बड़ी जिम्मेदारी, नंबर-3 पर उतारा
मुंबई इंडियंस ने पिछले कुछ सालों में सूर्यकुमार यादव से लेकर रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन जैसे कुछ बड़े टी-20 बल्लेबाजों को नंबर-3 पर खिलाया है। सूर्यकुमार इंजरी के कारण शुरुआती मैचों से बाहर हो गए, ऐसे में मुंबई ने नंबर-3 की अहम पोजिशन नमन धीर को सौंप दी।

शेर-ए-पंजाब के दूसरे टॉप स्कोरर
पिछले साल अगस्त में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की लीग शेर-ए-पंजाब टी-20 कप से नमन फेमस हुए। उस टूर्नामेंट की 12 पारियों में धीर ने 192.56 की स्ट्राइक रेट और 42.36 की औसत से 466 रन बनाए। इस दौरान नमन ने 2 शतक बनाए। जिनमें 56 गेंद पर 127 और 44 गेंद पर 105 रन की पारी शामिल हैं। टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 30 छक्के लगाए थे।

धीर ने रिलायंस-1 टीम के लिए डीवाई पाटिल टी-20 कप 2024 में भी भाग लिया। इसमें MI टीम के हार्दिक पंड्या, पीयूष चावला, तिलक वर्मा, नेहल वधेरा और विष्णु विनोद ने भी हिस्सा लिया था। बड़े नामों के बीच खेलते हुए धीर ने जैन इरिगेशन के खिलाफ मैच में एक अर्धशतक बनाया। इस पारी में उन्होंने आठ चौके और एक सिक्स लगाया था।

नीलामी में 20 लाख रुपए में बिके
नमन धीर पिछले साल हुए IPL ऑक्शन में 20 लाख रुपए में बिके थे। मुंबई की स्काउटिंग टीम (टैलेंट सर्च टीम) ने उन्हें पंजाब से खोजा। नमन ने अपने करियर में कुल 6 प्रोफेशनल टी-20 मैच ही खेले हैं। इसमें एक IPL मैच और बाकी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के मैच हैं। नमन SMAT जीतने वाली पंजाब टीम का हिस्सा भी रहे थे।

पंजाब की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने वाले नमन ने लम्बे फॉर्मेट की 20 पारियों में 574 रन बनाए हैं। गुजरात के खिलाफ 134 रन उनका बेस्ट स्कोर है, उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 131 और चंडीगढ़ के खिलाफ 86 रन भी बनाए हैं।

पिच पर नमन ने शानदार शॉट्स खेले- पोलार्ड
मुंबई के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड ने मैच के बाद कहा, नमन ने पिच पर बेहतरीन शॉट्स खेले। मुझे लगता है कि नमन के पास देने के लिए और भी बहुत कुछ है, जब हमने पहला विकेट खो दिया था तब भी वे प्रेशर में नजर नहीं आए। उनका अटैक करने का इरादा बेहतर था।

पोलार्ड आगे बोले, IPL नमन जैसे प्लेयर्स के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म है। एक फ्रेंचाइजी के रूप में हम नई प्रतिभाओं को सामने लाना जारी रखेंगे। भविष्य में भी हम निरंतरता के साथ आगे बढ़ सकते हैं।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *