मुंबई: ’12वीं फेल’ फेम एक्टर विक्रांत मैसी और उनकी पत्नी शीतल ठाकुर के घर किलकारियां गूंजी हैं। इस जोड़े ने दुनिया में एक बेटे का स्वागत किया है। इस खुशखबरी को कपल ने खुद सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर फैन्स के साथ शेयर किया है। जिसके बाद टीवी से लेकर फिल्म जगत तक हर कोई उन्हें उनके बेटे के जन्म पर शुभकामनाएं दे रहा है।
यह भी पढ़ें
एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, `07.02.2024… क्योंकि हम एक हो गए हैं… हम अपने बेटे का स्वागत करते हैं और उसकी घोषणा करते हैं। बेटे के जन्म का ऐलान करते हुए शीतल और विक्रांत खुशी और प्यार से झूम रहे हैं। विक्रांत मैसी द्वारा शेयर किया गया यह पोस्ट फैंस के साथ-साथ सेलेब्स के बीच भी वायरल होता नजर आ रहा है।
आपको बता दें कि विक्रांत मैसी ने साल 2022 में 14 फरवरी को शीतल ठाकुर से पहाड़ी रीति-रिवाज से शादी की थी। विक्रांत ने अपनी शादी को काफी इंटिमेट रखा था। हालांकि, शादी के फंक्शन से लेकर शादी की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। इस 14 फरवरी को इस जोड़े की शादी को 2 साल पूरे हो जाएंगे और उससे पहले विक्रांत और शीतल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है।