Sridevi Death Anniversary | बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार थीं श्रीदेवी, उनकी पुण्यतिथि पर जानिए उनसे जुड़ी कुछ खास बातें

बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार थीं श्रीदेवी, उनकी पुण्यतिथि पर जानिए उनसे जुड़ी कुछ खास बातें

Loading

मुंबई: भारतीय सिनेमा की लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी ने अपनी लाजवाब एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई थी। अपने फिल्मी करियर में 300 फिल्मों में काम करने वाली श्रीदेवी की 24 फरवरी 2018 को दुबई के एक होटल के बाथटब में डूबने से मौत हो गई थी। श्रीदेवी की जिंदगी के बारे में कई किस्से सुनने को मिलते हैं। आज श्रीदेवी की छठीं बरसी पर आइए जानते हैं उनसे जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से।

हिम्मतवाला से मिली पहचान

महज 4 साल की उम्र में 1967 की तमिल फिल्म ‘थुनाइवन’ में श्रीदेवी ने भगवान मुरुगा की भूमिका निभाई। फिल्म में उन्होंने उस समय की टॉप एक्ट्रेस जयललिता के साथ काम किया था। श्रीदेवी ने 1975 में फिल्म ‘जूली’ से डेब्यू किया था। इसमें वह एक बाल कलाकार की भूमिका में नजर आयीं थीं। श्रीदेवी ने बड़ी होकर करियर की शुरुआत साल 1979 में हिंदी फिल्म ‘सोलवां सावन’ से की थी। हालांकि, उन्हें बॉलीवुड में पहचान 1983 में आई फिल्म ‘हिम्मतवाला’ से मिली। इस फिल्म में उनके अपोजिट जीतेंद्र नजर आये थे। यह फिल्म 1983 की ब्लॉकबस्टर फिल्म थी। इसके बाद उन्होंने जितेंद्र के साथ कई फिल्में कीं। इसके बाद उनकी फिल्म ‘तोहफा’ आई जिसने उस दौर के कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस फिल्म के बाद उन्हें हिंदी सिनेमा की लेडी सुपरस्टार कहा जाने लगा।

ज्यादा फीस लेने वाली पहली अभिनेत्री

बॉलीवुड में हमेशा एक्टर्स को एक्ट्रेस से ज्यादा फीस मिलती है। लेकिन 80 और 90 के दशक में निर्माता-निर्देशक फिल्मों को हिट कराने का सबसे बड़ा फॉर्मूला श्रीदेवी को मानते थे। यही वजह है कि उस वक्त 1 करोड़ रुपये फीस पाने वाली पहली एक्ट्रेस थीं श्रीदेवी। उन्हें बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार होने का दर्जा मिला।

इस तरह बनी बोनी कपूर की हीरोइन

70 के दशक में बोनी कपूर ने श्रीदेवी को एक तमिल फिल्म में देखा था। बोनी को उनसे पहली नजर में ही प्यार हो गया था। बोनी कपूर और श्रीदेवी की कहानी फिल्म मिस्टर इंडिया से शुरू हुई। स्क्रिप्ट सुनने के लिए श्रीदेवी ने बोनी को 10 दिनों तक इंतजार कराया। श्रीदेवी को साइन करने के लिए उनकी मां ने उन्हें 10 लाख रुपये की फीस बताई थी और बोली कपूर ने उन्हें 11 लाख रुपये में साइन किया था। 

जीत चुकी हैं कई अवार्ड्स

श्रीदेवी ने हिंदी फिल्मों के अलावा तमिल, मलयालम, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। श्रीदेवी ने अपने तीन दशक लंबे करियर में लगभग 300 फिल्मों में काम किया। इनमें 63 हिंदी, 62 तेलुगु, 58 तमिल और 21 मलयालम फिल्में शामिल हैं। अपनी शादी के लगभग 15 साल बाद श्रीदेवी ने गौरी शिंदे द्वारा निर्देशित फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ से वापसी की। कला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने 2013 में श्रीदेवी को पद्मश्री से सम्मानित किया था। इसके अलावा उन्हें ‘चालबाज’ और ‘लम्हे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी दिया गया।उन्हें तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

24 फरवरी 2018 को कार्डियक अरेस्ट के कारण दुबई में श्रीदेवी की मृत्यु हो गई। वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए दुबई पहुंची थीं। उस वक्त फिल्म इंडस्ट्री के अलावा पूरा भारत श्रीदेवी की अप्रत्याशित मौत से बेहद दुखी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *