7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ठंड के मौसम में घने कोहरे के कारण इन दिनों कई फ्लाइट्स देर से चल रही हैं। इसकी वजह से यात्रा कर रहे पैसेंजर्स को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच कई सेलेब्स ने एयरलाइनों को उनके मिसमैनेजमेंट के लिए जमकर आलोचना की। वहीं अब सोनू सूद एयरलाइन के सपोर्ट में आए और लोगों से केबिन क्रू के साथ तहजीब से रहने की बात कही। आपको बता दें ये पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कोहरे के कारण उड़ान में देरी हुई, और एक यात्री फ्लाइट के पायलट से हाथापाई करने लगा।

एयरलाइन के सपोर्ट में उतरे सोनू सूद
कुछ घंटे पहले, सोनू सूद ने एक पोस्ट शेयर किया था कि उड़ान में देरी के कारण वो 3 घंटे तक हवाई अड्डे पर फंसे रहे। उन्होंने लोगों से एयरपोर्ट के कर्मचारियों के साथ धैर्य रखने के लिए कहा और लिखा- मौसम के देवताओं का अपना मूड होता है, जो इंसानों से परे है !! मैं पिछले 3 घंटों से एयरपोर्ट पर शांति से इंतजार कर रहा हूं।’ मैं जानता हूं कि ये मुश्किल है लेकिन सभी से विनती है कि एयरलाइंस क्रू के साथ सही तरीके से पेश आएं। वे अपना बेस्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। कई बार मैं लोगों के साथ बहुत बेकार तरीके से व्यवहार करते हुए देखता हूं। हमें ये समझने की जरूरत है कि कुछ चीजें हमारे कंट्रोल में नहीं होती हैं। लेकिन हर इंसान सम्मान का पात्र है।

उन्होंने दूसरी स्टोरी में कहा- पायलट और एयरलाइन के कर्मचारियों के लिए दयालु रहें। उनकी वजह से देरी नहीं होती है। हाल ही में, राधिका आप्टे ने भी एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने 2 घंटे के लिए अपनी फ्लाइट के सह-यात्रियों के साथ एयरब्रिज में बंद होने के बारे में बताया था।

क्या था पूरा मामला
दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट घने कोहरे के कारण लेट हो रही थी। तकरीबन 3 घंटे देरी होने के कारण पैसेंजर का गुस्सा बढ़ने लगा। वहीं एक पैसेंजर अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाया। वो फ्लाइट के पायलट के साथ हाथापाई करने लगा। वायरल हो रही वीडियो में पायलट केबिन में है और फ्लाइट के बारे में जानकारी दे रहा है। दोपहर 1 बजे के आसपास फ्लाइट 6E-2175 में हाथापाई हुई। ये फ्लाइट सुबह 7:40 बजे निकलने वाली थी, लेकिन बाद में शाम 6 बजे रवाना हुई।

पैसेंजर को गुस्से में बोलते हुए सुना गया- चलाना है तो चला, वर्ना डोर ओपन कर दें। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की गई, जिसके बाद कई सेलेब्स भी एयरलाइन की आलोचना करने लगे।