6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

शाहरुख खान के एक जेस्चर की खूब तारीफ हो रही है। शाहरुख खान हाल ही में एक इवेंट में गए थे। वहां ISRO के वैज्ञानिकों को सम्मान दिया जा रहा था। सभी लोग स्टेज पर मौजूद थे। शाहरुख सामने से आए तो चंद्रयान-3 के प्रोजेक्ट मैनेजर रहे पी वीरमुथुवेल उनके लिए जगह खाली करने लगे।
वो शाहरुख को अपनी जगह देकर पीछे हटने लगे, तभी एक्टर ने उन्हें रोक लिया। शाहरुख पी वीरमुथुवेल के हाथों को पकड़कर सामने तक लाए और उन्हें पहली लाइन में खड़ा कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फैंस शाहरुख के जेस्चर की काफी तारीफ कर रहे हैं।
शाहरुख के साथ ISRO के वैज्ञानिकों को भी सम्मान दिया गया
शाहरुख खान को CNN-न्यूज 18 की तरफ से इंडियन ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया। उनके अलावा चंद्रयान-3 प्रोजेक्ट से जुड़े ISRO के वैज्ञानिकों को भी सम्मान दिया जा रहा था। शाहरुख खान सभी वैज्ञानिकों के साथ स्टेज पर फोटो क्लिक कराने आए। तभी पी वीरमुथुवेल संकोच करते हुए बैकग्राउंड में चले गए। शाहरुख उनके पीछे गए और उन्हें सामने खींच कर लाए।
फैंस ने लिखा- शाहरुख इसी वजह से दूसरों से अलग हैं
फैंस शाहरुख खान के इस जेस्चर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा- शाहरुख खान का यह व्यवहार किसी ने नोटिस नहीं किया। एक ISRO साइंटिस्ट ने शाहरुख को अपनी जगह ऑफर की, लेकिन एक्टर उन्हें अपने पास ले आए। शाहरुख क्या आदमी हैं।

ऐसे ही एक फैन ने लिखा- बॉक्स ऑफिस नंबर्स की बात छोड़िए। इस आदमी के अंदर कुछ और जो इसे दूसरों से अलग बनाता है।


जाहिर है कि जब चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हुई तब शाहरुख खान ने भी ट्वीट के जरिए खुशी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था- चांद तारे तोड़ लाऊं, सारी दुनिया पर मैं छाऊं, आज इंडिया और ISRO छा गया। सभी इंजीनियर्स और वैज्ञानिकों को बहुत बधाई, इन सभी ने आज पूरे देश का नाम रोशन कर दिया है।

शाहरुख खान ने इस इवेंट में अपने बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी पर पहली बार बातचीत की। उन्होंंने कहा कि पर्सनल लेवल पर कई ऐसी घटनाएं हुईं जिन्होंने मुझे सिखाया कि चुप रहो और सम्मान के साथ हार्ड वर्क करते रहो। जब आपको लगता है कि सब कुछ सही चल रहा है कि तभी कहीं से जिंदगी दूसरी तरफ करवट ले लेती हैं।