5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर और सलमान खान के रिश्तों में काफी वक्त से खटास है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बोनी ने अपने बेटे की ग्रोथ का क्रेडिट सलमान खान को दिया है। बोनी ने बताया कि अर्जुन के करियर की शुरुआत में सलमान ने ही उन्हें गाइड किया था।

करियर के शुरुआती दौर में अर्जुन कपूर, सलमान खान को अपना मेंटॉर बताते थे।
सलमान ने ही बोला था- अर्जुन एक्टर बनेगा
एक इंटरव्यू में बोनी ने कहा, ‘मैं मोना (बोनी की पहली पत्नी और अर्जुन की मां) से अलग हो चुका था और मुझे कोई आइडिया नहीं था कि अर्जुन एक्टर बनना चाहता था। वो सलमान ही थे जिन्होंने मुझे कॉल किया और कहा कि अर्जुन एक दिन एक्टर बनेगा। सलमान ने ही उन्हें गाइड किया। यह श्योर किया कि अर्जुन अपना वेट लूज करें क्योंकि उस वक्त तक वो बहुत ही हेल्दी था।’

मीडिया रिपोर्ट्स में सलमान और अर्जुन के रिश्तों में खटास की वजह मलाइका अरोड़ा को बताया गया था। मलाइका, सलमान के भाई अरबाज की एक्स वाइफ हैं, जिन्हें अर्जुन कपूर डेट कर रहे हैं।
‘अर्जुन की ग्रोथ में सलमान का बड़ा हाथ है’
बोनी ने आगे कहा, ‘अर्जुन के मामले में सलमान को ही क्रेडिट देना चाहूंगा। कोई कुछ भी कहे या भले ही आज दोनों के बीच अच्छे टर्म्स ना हों, मेरा मतलब उनका बॉन्ड उतना बेहतर ना हो, पर सलमान ने हमेशा अपना बेस्ट दिया। अर्जुन की ग्रोथ में सलमान का बहुत बड़ा हाथ है। चाहे उसके लुक्स की बात हो या एक्टिंग की। सलमान ने हमेशा मेरे बेटे की मदद की है।’

कुछ साल पहले एक इवेंट में बोनी ने सलमान पर कुछ यूं प्यार बरसाया था। वहीं सलमान ने पास ही खड़े बोनी के बेटे अर्जुन कपूर को इग्नोर कर दिया था।
मैं आज भी सलमान से प्यार करता हूं: बोनी
इंटरव्यू के दौरान बोनी से पूछा गया कि क्या बेटे की वजह से उनके और सलमान रिश्तों में कोई बदलाव आया है ? इस पर बोनी ने कहा, ‘इससे हमारे रिश्ते पर कोई फर्क नहीं पड़ा। मैं आज भी उनसे प्यार करता हूं। मुझे आज भी लगता है कि उनके जैसे कम ही लोग हैं। वो बहुत ही बड़े दिलवाले इंसान हैं और मुझे बहुत रिस्पेक्ट देते हैं।’
बताते चलें कि 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘वॉन्टेड’ से सलमान खान के डूबते करियर में फिर से उछाल आया था। इस फिल्म को बोनी कपूर ने ही प्रोड्यूस किया था।

बोनी की अगली फिल्म ‘मैदान’ 10 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर अक्षय-टाइगर स्टारर ‘बड़े मियां छोटे मियां’ से क्लैश होगी।
वर्कफ्रंट पर बोनी की अपकमिंग फिल्म ‘मैदान’ है। अजय देवगन स्टारर यह फिल्म बीते कई सालों से पोस्टपोन हो रही थी। अब यह 10 अप्रैल को ईद के मौके पर रिलीज होगी।