नई दिल्ली9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली कैपिटल्स (DC) को इंडियन प्रीमियर लीग से मौजूदा सीजन से पहले एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को एनगिडी से रिप्लेस किया है।
21 साल के मैक्गर्क 50 लाख रुपए में दिल्ली के साथ जुड़े हैं। फ्रेजर-मैक्गर्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2 वनडे खेल चुके हैं। वे लिस्ट-ए में 29 बॉल पर सेंचुरी जमा चुके हैं। एनगिडी को भी दिल्ली ने 50 लाख रुपए में ही साइन किया था।
IPL का आगामी सीजन 22 मार्च से शुरू हो रहा है। ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली का पहला मुकाबला 23 मार्च को पंजाब किंग्स से मोहाली में होगा।

14 मैचों में 25 विकेट ले चुके हैं एनगिडी
साउथ अफ्रीकी पेसर तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी IPL के 14 मैचों में 25 विकेट ले चुके हैं। वे 2021 के बाद से भारतीय लीग का हिस्सा नहीं हैं।
2 दिन पहले हैरी ब्रूक लीग से हटे थे
2 दिन पहले इंग्लैंड के बैटर हैरी ब्रूक ने निजी कारणों का हवाला देकर अपना नाम वापस ले लिया था। 25 साल के ब्रूक को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछली नीलामी में 4 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अब तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
ब्रूक पूरे सीजन से बाहर रहेंगे। वे भारत के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड की टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। तब भी ब्रूक ने आखिरी समय में अपना नाम वापस ले लिया था। तब ECB ने ब्रूक के हटने के पीछे का कारण उजागर नहीं किया था। बोर्ड ने एक बयान में कहा था कि ब्रूक परिवार अपनी जानकारी गोपनीय रखना चाहता है। ऐसे में बोर्ड मीडिया और क्रिकेट प्रेमियों से उनकी गोपनीयता का सम्मान करने का अनुरोध करता है।
