Ind U19 Vs Nz U19 Live Score: Icc U-19 World Cup 2024 India Vs New Zealand Match Scorecard Updates – Amar Ujala Hindi News Live

05:22 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत ने 295 रन बनाए

भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 296 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 295 रन बनाए। मुशीर खान ने 131 रन की पारी खेली। वहीं, आदर्श सिंह ने 52 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से मेसन क्लार्क ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके।

भारतीय पारी

टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। अर्शिन कुलकर्णी नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद आदर्श ने मुशीर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 77 गेंद में 77 रन की साझेदारी निभाई। आदर्श 58 गेंद में छह चौके की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान उदय सहारन ने मुशीर के साथ 87 रन की साझेदारी निभाई।

उदय बड़े शॉट के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। वह 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अरावेली अवनीश 17 रन, प्रियांशु मोलिया 10 रन, सचिन दास 15 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच मुशीर खान ने शतक जड़ा। यह उनका इस टूर्नामेंट में दूसरा शतक रहा। वह फिलहाल टूर्नामेंट के हाईएस्ट स्कोरर हैं। चार मैच की चार पारियों में 81.25 की औसत से 325 रन बना चुके हैं। इनमें दो शतक और एक अर्धशतक है।

इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने तीन रन, आयरलैंड के खिलाफ 118 रन और अमेरिका के खिलाफ 73 रन की पारी खेली थी। इस मैच में वह 126 गेंद पर 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 131 रन बनाकर आउट हुए। मुरुगन अभिषेक चार रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नमन तिवारी तीन रन और राज लिम्बानी दो रन बनाकर नाबाद रहे। मेसन क्लार्क ने चार विकेट लिए। वहीं, रेयार सोर्गस, एवाल्ड श्रुडर, जैक कमिंग और ओलिवर तेवतिया को एक-एक विकेट मिला। 

05:04 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को छठा झटका

भारत को 275 के स्कोर पर छठा झटका लगा। मुशीर खान 126 गेंद में 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 131 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मेसन क्लार्क ने कैच आउट कराया। फिलहाल सचिन दास और अभिषेक मुरुगन क्रीज पर हैं।

04:57 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को पांचवां झटका

भारत को 257 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। मेसन क्लार्क ने प्रियांशु मोलिया को टॉम जोंस के हाथों कैच कराया। वह 10 रन बना सके। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 267 रन है। मुशीर 123 रन और सचिन दास सात रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:38 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: मुशीर खान का शतक

अंडर-19 विश्व कप में सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान का कमाल देखने को मिल रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-सिक्स मुकाबले में शतक जड़ा। उन्होंने 109 गेंद पर शतक पूरा किया। मुशीर का यह इस टूर्नामेंट में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 118 रन की पारी खेली थी। सरफराज का हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। भारत ने 43 ओवर में चार विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। फिलहाल मुशीर के साथ प्रियांशु मोलिया क्रीज पर हैं।

04:28 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को चौथा झटका

219 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। अरावेली अवनीश को रेयान सोर्गस ने थॉम्पसन के हाथों कैच कराया। वह 17 रन बना सके। फिलहाल मुशीर खान 96 रन और प्रियांशु मोलिया एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:06 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 192 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कप्तान उदय सहारन बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें ओलिवर तेवतिया ने जैक कमिंग के हाथों कैच कराया। उदय ने 57 गेंद में 34 रन की पारी खेली। मुशीर और उदय के बीच तीसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी हुई। मुशीर शतक के करीब हैं। वह 87 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, अरावेली अवनीश सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

03:57 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत का स्कोर 200 के करीब

35 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 190 रन है। मुशीर खान 85 रन और कप्तान उदय सहारन 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 85 रन की साझेदारी हो चुकी है। आदर्श सिंह 52 रन बनाकर आउट हुए।

03:11 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 105 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। आदर्श सिंह 58 गेंद में 52 रन की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। उन्हें जैक कमिंग ने ओलिवर तेवतिया के हाथों कैच कराया। आदर्श ने अपनी पारी में छह चौके लगाए। फिलहाल मुशीर खान और कप्तान उदय सहारन क्रीज पर हैं।

02:32 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: आदर्श अर्धशतक के करीब

भारत ने 12 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल आदर्श सिंह 43 रन और मुशीर खान 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अर्शिन कुलकर्णा नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। आदर्श और मुशीर के बीच 45+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

01:56 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत को पहला झटका

भारत को 28 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अर्शिन कुलकर्णा नौ गेंद में नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मेसन क्लार्क ने एवाल्ड के हाथों कैच कराया। फिलहाल मुशीर खान और आदर्श सिंह क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है।

01:44 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारतीय ओपनर्स क्रीज पर

भारत के ओपनर्स आदर्श और अर्शिन क्रीज पर हैं। टीम इंडिया ने तीन ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 17 रन बना लिए हैं। आदर्श नौ रन और अर्शिन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।

01:33 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: भारत-न्यूजीलैंड का अब तक का सफर

भारत ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 84 रन, दूसरे मैच में आयरलैंड को 201 रन और तीसरे मैच में अमेरिका को 201 रन से हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड ने अपने पहले मैच में नेपाल को 64 रन, दूसरे मैच में अफगानिस्तान को एक विकेट से हराया था। तीसरे मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 10 विकेट से शिकस्त दी।

01:30 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

न्यूजीलैंड: जेम्स नेल्सन, टॉम जोन्स, स्नेहिथ रेड्डी, लाचलान स्टैकपोल, ऑस्कर जैक्सन (कप्तान), ओलिवर तेवतिया, जेक कमिंग, एलेक्स थॉम्पसन (विकेटकीपर), इवाल्ड श्रेडर, रेयान सोर्गस, मेसन क्लार्क।

भारत: आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारन (कप्तान), प्रियांशु मोलिया, सचिन धस, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), मुरुगन अभिषेक, नमन तिवारी, राज लिम्बानी, सौमी पांडे।

01:21 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड ने टॉस जीता

न्यूजीलैंड के कप्तान ऑस्कर जैक्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टीम में तीन बदलाव हुए हैं। वहीं, भारतीय कप्तान उदय सहारन ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे, इसलिए टॉस हारकर भी वह खुश हैं। उदय ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

01:18 PM, 30-Jan-2024

IND vs NZ U19 Live Score: भारत ने न्यूजीलैंड को 296 रन का लक्ष्य दिया, मुशीर का शतक, 126 गेंद में 131 रन बनाए

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज अंडर-19 विश्व कप में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से जारी है। सुपर सिक्स का यह मैच ब्लोमफोंटेन के मांगाउंग ओवल में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने ग्रुप लेवल के अपने सभी मैच जीते थे। वहीं, न्यूजीलैंड को ग्रुप स्तर पर तीन में से दो में जीत मिली थी। पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम अपने जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *