4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार (25 जनवरी) को 2024 के लिए पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया गया। एक्ट्रेस वैजयंती माला, कोनिडेला चिरंजीवी को पद्म विभूषण और मिथुन चक्रवर्ती, ऊषा उत्थुप का नाम पद्म भूषण अवॉर्ड के लिए चुना गया है।
पुरस्कार का ऐलान होते ही हस्तियों को चाहने वाले बधाई दे रहे हैं। मेगास्टार चिरंजीवी को एस.एस.राजामौली, जूनियर NTR और रवि तेजा समेत कई सेलेब्स ने शुभकामनाएं दीं।
दूसरी ओर, अपनी रोल मॉडल वैजयंती माला को बधाई देने हेमा मालिनी उनके घर पहुंचीं। इस खास मौके पर सायरा बानो ने भी वैजयंती माला को बधाई दी।
इन सेलेब्स ने दी मेगास्टार को बधाई, जर्नी को बताया इंस्पिरेशन
जूनियर NTR ने सोशल मीडिया पर वेंकैया नायडू और चिरंजीवी को बधाई देते हुए लिखा- पद्म विभूषण के लिए चुने जाने पर आप दोनों को बधाई। साथ ही सभी पद्म पुरस्कार के लिए चुने लोगों को भी बधाई। आपकी ये सफलता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

डायरेक्टर एस.एस.राजामौली ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा- अचानक एक लड़का जिसने फिल्म पुनाधिराल्लू से भारत का दूसरा सबसे बड़ा अवॉर्ड जीतने का रास्ता तय किया। आपकी जर्नी कई जनरेशन के लिए प्रेरणा बनेगी।

वहीं, नागा चैतन्य ने मेगास्टार को बधाई देते हुए कहा- मेगास्टार चिरंजीवी की जर्नी हमेशा इंस्पायर करती है।

इसके अलावा साई धर्म तेज, नानी और रवि तेजा ने भी मेगास्टार की कामयाबी को सेलिब्रेट किया।


रवि तेजा ने बधाई देते हुए लिखा- हम सभी आप से प्यार करते हैं।

एक्टर नानी ने भी चिरंजीवी की जीत को सेलिब्रेट किया और उन्हें बधाई दी।
चिरंजीवी ने वीडियो शेयर कर सबका आभार व्यक्त किया
पद्म पुरस्कार के ऐलान के बाद चिरंजीवी ने एक वीडियो शेयर कर सबका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘यह खबर सुनने के बाद, मैं नि:शब्द रह गया। यह पुरस्कार पाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। फैंस, भाइयों और बहनों के प्यार ने यहां तक पहुंचने में मदद की है।
मैं हमेशा अलग-अलग तरीकों से अपना आभार व्यक्त करने की कोशिश करता हूं जो मैं कर सकता हूं, लेकिन मुझे पता है कि यह भी कम है। अपने 45 साल के फिल्मी करियर में सभी का मनोरंजन करने की पूरी कोशिश की है। मैंने काम कम किया है, लेकिन आप लोगों ने इसे बड़ा बना दिया है।
मैं इस सम्मान के लिए भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद देना चाहता हूं। साथ ही आप सभी को धन्यवाद।’
वैजयंती माला यानी अक्का को पुरस्कार मिलने पर खुश हूं- सायरा बानो
पद्म विभूषण अवाॅर्ड के लिए चुने जाने पर सायरा बानो ने एक इंटरव्यू में वैजयंती माला को बधाई दी। उन्होंने कहा- मैं इस बात से बहुत खुश हूं। वो इस पुरस्कार के लिए योग्य हैं। मैं उनकी फिल्में देखकर बड़ी हुई हूं। वो मेरे लिए ‘अक्का’ (बड़ी बहन) हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट भी शेयर किया।

ये पोस्ट सायरा बानो ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है।
घर जाकर हेमा मालिनी ने दी बधाई
दूसरी तरफ इस खबर के सामने आते ही हेमा मालिनी अपनी रोल मॉडल को बधाई देने उनके घर पहुंचीं। उन्होंने वैजयंती माला के पूरे परिवार से मुलाकात की। इस खास पल की उन्होंने तस्वीरें सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत कैप्शन के साथ पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा- मेरी लाइफ का सबसे यादगार पल। कल चेन्नई स्थित आवास पर मेरी आदर्श, रोल मॉडल वैजयंती माला और उनके परिवार से मुलाकात हुई। अभी भी उनमें डांस कूट-कूट कर भरा है। वो हमेशा डांस के बारे में बात करती हैं, डांस में ही जीती हैं। फिल्मों के बारे में बात करने पर पुरानी यादें ताजा हो गईं। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। यह मेरे लिए एक महान पल था कि मुझे इस प्यारी महिला से इतना सारा प्यार मिला, जो अंदर और बाहर से बहुत खूबसूरत हैं।

इस सम्मान की खुशी मेरी आवाज में महसूस कर सकते हैं- ऊषा उत्थुप
भारत की पहली पॉप सिंगर ऊषा उत्थुप का नाम पद्म भूषण के लिए चुना गया है। इसका श्रेय उन्होंने परिवार वालों को दिया। उन्होंने NDTV के साथ बातचीत में कहा- मैं बहुत उत्साहित हूं और आप इसे मेरी आवाज में महसूस कर सकते हैं। मुझे यह पुरस्कार देने के लिए मेरे देश आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
उन्होंने परिवार, बड़े गुरुजन और फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा- अपने लोगों के बिना, मैं कुछ भी नहीं हूं। मैंने करियर की शुरुआत नाइट क्लब से की और मुझे इस पर गर्व है।