नई दिल्ली: Google ने भारत में बड़ी कार्रवाई किया है। गूगल ने 10 भारतीय एप्स को अपने प्ले-स्टोर से हटा दिया है। दरअसल, गूगल ने यह कार्रवाई शुल्क विवाद को लेकर की है। गूगल के मुताबिक, इन एप्स के डेवलपर्स बिलिंग पॉलिसी को नहीं मान रहे थे। कई बार इन्हें चेतावनी देने के बाद ये कार्रवाई की गई।
ये Apps किए गए रिमूव
- Shaadi.com
- Matrimony.com
- Bharat Matrimony
- Naukri.com
- 99acres
- Kuku FM Stage
- Alt Balaji’s (Altt)
- Quack Quack जैसे एप्स के नाम शामिल हैं। एक एप्स का नाम अभी सामने नहीं आया है।
Google ने क्या कहा
गूगल ने कहा कि दो लाख से ज्यादा भारतीय डेवलपर्स गूगल प्ले-स्टोर का यूज कर रहे हैं और उनके एप्स प्ले-स्टोर पर पब्लिश्ड हैं। सभी डेवलपर्स के लिए एक ही पॉलिसी है लेकिन कुछ डेवलपर्स इसे मानने के लिए तैयार ही नहीं हैं। गूगल ने यहां तक कहा है कि जिन एप्स को प्ले-स्टोर से हटाया गया है वे दूसरे एप-स्टोर की पॉलिसी तो मान रहे हैं लेकिन गूगल की पॉलिसी नहीं मान रहे हैं।Google ने ये भी कहा कि इन एप्स को तीन साल का समय दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट में भी की गई थी अपील
बता दें कि शुल्क विवाद लंबे समय से चल रहा है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी अपील की गई थी, लेकिन 9 फरवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दखल देने से इनकार कर दिया। गूगल ने कहा कि तीन साल में किसी अदालत ने भी उसकी शुल्क की पॉलिसी को लेकर सवाल नहीं खड़े किए। बावजूद इसके कुछ डेवलपर्स पॉलिसी को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।