Farmers Protest News Live Update Farmer Leaders Demand Demand Ordinance On Msp Shambhu Border Live Today – Amar Ujala Hindi News Live

07:46 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय चंडीगढ़ के एक होटल में पहुंचे, वे चल रहे विरोध के सिलसिले में जल्द ही किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे।

07:29 PM, 18-Feb-2024

किसानों के विरोध पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि पिछली बार किसानों को एमएसपी के बारे में आश्वासन दिया गया था, अब वे बेचैन हैं क्योंकि चुनाव आ रहा है और कोई गारंटी नहीं दी गई है और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। महंगाई बढ़ रही है। बाकी भी चीजें महंगी हो रही है। फसलों के दाम नहीं मिल पा रहे हैं, यही कारण है कि वे विरोध कर रहे हैं…सरकार को इसका समाधान खोजना चाहिए।

06:46 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्रियों से चौथे दौर की बैठक के लिए किसान नेता पहुंचे

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंढेर सहित किसान नेता केंद्रीय मंत्रियों के साथ चौथे दौर की बैठक करने के लिए सेक्टर 26 स्थित मगसीपा भवन पहुंच गए हैं। लेकिन पता चला है कि अभी तक तीनों केंद्रीय मंत्री दिल्ली के रवाना नहीं हुए है। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री के हिस्सा लेने की भी संभावना है, जिसके चलते पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई है। यह बैठक रविवार शाम 6 बजे से बुलाई गई थी।

अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली कूच पर अड़े पंजाब के किसान संगठनों को मनाने और उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार के लिए किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्री- पीयूष गोयल, अर्जुन मूंडा और नित्यानंद राय के बीच अब तक 8, 12 और 15 फरवरी को तीन दौर की बैठक हो चुकी है, जिनमें कोई नतीजा नहीं निकल सका है।

06:35 PM, 18-Feb-2024

किसान नेता बैठक के लिए पहुंच चुके हैं।

06:30 PM, 18-Feb-2024

मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सीएम आवास से बैठक के लिए रवाना हो चुके हैं। 

06:22 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय किसान नेताओं से बैठक के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।

05:38 PM, 18-Feb-2024

सुनील जाखड़ के पंजकोसी निवास के बाहर दूसरे दिन भी जारी रहा धरना

बीजेपी के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ के गांव पंजकोसी में  उनके निवास के सामने भाकियू एकता उग्राहा द्वारा लगाया गया धरना रविवार दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों द्वारा अबोहर-श्रीगंगानगर रोड पर गांव गिदडा वाली के पास नेशनल हाईवे पर टोल नाका भी फ्री करवा दिया गया। रविवार को धरने को बठिंडा जिले के किसान नेता जगसीर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि यह धरना लगातार जारी रहेगा।

04:59 PM, 18-Feb-2024

फतेहाबाद में अयाल्की पर डटे हैं किसान

पंजाब के किसानों के समर्थन में फतेहाबाद के गांव अयाल्की में अभी भी किसान पक्का मोर्चा लगाकर डटे हुए हैं। वहीं रविवार को प्रदेश के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने टोहाना में नेशनल हाइवे 148-बी के नाके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाके पर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों को आदेश दिए कि कानून व्यवस्था को बनाए रखें। जो लोग किसान आंदोलन की आड़ में कोई अफवाह फैला रहे हैं, उन पर पैनी नजर रखें। अगर कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार से अफवाह फैलाता मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया कि वह शांतिपूर्वक सरकार के सामने अपनी बात को रखें और कानून व्यवस्था का पालन करें।

फतेहाबाद में प्रशासन की ओर से टोहाना के 148-बी नेशनल हाइवे, मनियाना रोड व सिंबलवाला, जाखल में म्योंदकलां नाका, रतिया में रोझांवाली, फतेहाबाद के गांव हांसपुर व गांव अयाल्की के पास नाके लगाए हुए हैं। यहां पर पैरा मिलिट्री की 5 टुकड़ियों के साथ-साथ पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। हर नाके पर जिले के एक डीएसपी व इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।

दूसरी ओर अभी भी फतेहाबाद से पंजाब व रतिया लिए रोडवेज की बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। फतेहाबाद से रतिया जाने के लिए लोगों को लिंक मार्गों का प्रयोग करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी फतेहाबाद से पंजाब जाने वाले लोगों को हो रही है। सरदूलगढ़ व बुढ़लाडा के लिए बसों का संचालन पिछले एक सप्ताह से बंद है। पंजाब होकर चंडीगढ़ जाने वाली बसें भी बंद हैं, वहीं हरियाणा से वाया नरवाना होकर जाने वाली बसें केवल कैथल या पिहोवा से ही वापिस आ रही हैं।

04:37 PM, 18-Feb-2024

किसान आंदोलन पर प्रतिक्रिया देने से बचते दिखे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला किसान आंदोलन को लेकर मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि अब विधानसभा सत्र में तीन दिन इन्हीं सवालों के जवाब देने हैं। उप मुख्यमंत्री रविवार को खंड के मच्छरौली गांव के पूर्व सरपंच पति वएवं जजपा के हलका प्रधान बलराज मच्छरौली के आवास पर कही। उन्होंने उनके भाई राजबीर सिंह के निधन पर शोक जताया और परिजनों को सांत्वना दी। वे यहां करीब 20 मिनट तक रुके। राजबीर सिंह का निधन गत 29 जनवरी को हार्टअटैक से हुआ था। 

03:09 PM, 18-Feb-2024

असफल रही बैठक तो हरियाणा के किसान भी उतरेंगे आंदोलन में  

पंजाब सीमा पर आंदोलनरत किसानों के साथ आज शाम को सरकार के साथ बैठक असफल रही तो हरियाणा के किसान भी पूरी तरह से सड़कों पर आ जाएंगे। सभी किसान संगठन, खापें व अन्य संगठन एक होकर बड़ी लड़ाई लड़ेंगे और मांगें पूरी करवाकर ही दम लेंगे। इस बार दिल्ली के किसानों को भी साथ लिया जाएगा, जिनके जरिए ही दिल्ली को घेरा जाएगा। प्रदेश की ओर से यह लड़ाई भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की अगुवाई में लड़ी जाएगी जबकि दिल्ली की खापों व वहां के किसानों के साथ आंदोलन की रणनीति धनखड़ खाप के प्रधान डॉ ओमप्रकाश धनखड़ की अगुवाई में चार सदस्यीय कमेटी द्वारा बनाई जाएगी। यह ऐलान आज रविवार को ब्रह्मसरोवर तट पर हुई महापंचायत में किया गया।

01:22 PM, 18-Feb-2024

हिसार के गांव खेड़ी चौपटा में जुट रहे किसान, किसान नेता सुरेश कौथ गिरफ्तार

हिसार में किसान नेताओं के आह्वान पर रविवार को विभिन्न गांव से किसान गांव खेड़ी चौपटा में जुटना शुरू हो गए हैं। बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा कि किसानों का काफिला शंभू बॉर्डर की तरफ रवाना होगा या किसान दिल्ली की और कूच करेंगे। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह करीब 50 किसानों के साथ दिल्ली की तरफ कूच कर रहे थे। इससे पहले शनिवार को जिले के किसानों ने राजली गांव में बैठक की थी इस बैठक में फैसला किया गया था कि जिले के हजारों किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर गांव खेड़ी चौपटा में एकत्रित होंगे। इसके अलावा गांव मतलोडा में भी 14 ग्रामी पूनिया खाप ने बैठक कर किसानों से खेड़ी चौपटा में एकजुट होने का आह्वान किया था।

 

01:00 PM, 18-Feb-2024

सिद्धू की प्रेस कांफ्रेंस

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू ने पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि किसानों की एमएसपी और आय को डबल कर दिया जाएगा, इससे बड़ा झूठ दुनिया में है क्या? 

11:48 AM, 18-Feb-2024

पंजाब के सात जिलों में इंटरनेट पर बैन 24 फरवरी तक बढ़ा

किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब के सात जिलों में 24 फरवरी तक इंटरनेट पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। जिला पटियाला में शंभू, जुल्कन, पासियान, पातड़ां, शुतराणा, समाना, घनौर, देवीगढ़ और बलभेरा और जिला एसएएस नगर में लालरू में नेट बंद कर दिया गया है।

11:40 AM, 18-Feb-2024

पंजाब भाजपा प्रधान ने सीएम मान की मध्यस्थता पर जताया ऐतराज

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आंदोलनकारी किसानों और केंद्र सरकार के बीच वार्ता में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मध्यस्थता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने किसानों को केंद्र सरकार से सीधे बातचीत करने की सलाह दी है। अब तक किसान आंदोलन पर चुपपी साधे रहे जाखड़ ने मीडिया से बातचीत के दौरान किसानों को दिल्ली मार्च से रोकने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि किसानों में कुछ उपद्रवी लोग मिलकर हिंसा कर रहे हैं। उन्हें नहीं लगता कि अगर किसान शांतिपूर्ण हैं तो सरकारें उनके आंदोलन पर इस तरह के प्रतिबंध लगाती। जाखड़ ने भगवंत मान का नाम लिए बिना कहा कि बातचीत में मध्यस्थता करने वालों के निहित स्वार्थ हैं और उन्हें मुद्दों को सुलझाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थों ने खुद सत्ता में आने पर फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों का बातचीत ही एकमात्र समाधान है।

11:23 AM, 18-Feb-2024

पंधेर बोले-अध्यादेश से कम कुछ भी मंजूर नहीं

पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि शंभू बॉर्डर पर आज हमारा छठा दिन है। आज हम सरकार से बातचीत भी कर रहे हैं। सरकार ने कुछ समय मांगा है और कहा है कि वह इस मामले पर चर्चा करेगी। सरकार को इस पर अध्यादेश लाना चाहिए। उससे कम हमें मंजूर नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *