ऐप पर पढ़ें
एचबीटीयू में पांच वर्षों में सबसे कम इस साल अधिकतम पैकेज मिला है। प्लेसमेंट की संख्या में भी कमी आई है और ड्राइव में आने वाली कंपनियों की संख्या भी पिछले वर्ष की अपेक्षा कम है। खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ा है। विशेषज्ञों की माने तो अमेरिका व यूरोप में मंडरा रहे मंदी के खौफ के चलते यह कमी आई है। सत्र 2022-23 का प्लेसमेंट ड्राइव पूरा होने के बाद विवि ने रिकार्ड सार्वजनिक किए हैं। रिकार्ड के अनुसार सत्र 2022-23 में मिला अधिकतम पैकेज पिछले पांच वर्षों में सबसे कम है। औसत पैकेज भी पिछले वर्ष से कम मिला है।
न्यूनतम पैकेज 3.36 लाख रुपये पिछले तीन वर्षों से समान चल रहा है। पिछले वर्ष की अपेक्षा प्लेसमेंट का ग्राफ भी गिरा है। सत्र 2022-23 में 84.02 फीसदी छात्र-छात्राओं को कैम्पस प्लेसमेंट मिला है। जबकि 2021-22 में 97.34 फीसदी, 2020-21 में 63.61 फीसदी, सत्र 2019-20 में 75.87 फीसदी, सत्र 2018-19 में 83.68 फीसदी कैम्पस प्लेसमेंट हुआ था। कुलपति प्रो. समशेर ने बताया कि कंपनियां कम आईं पर औसत पैकेज ठीक रहा है।
पांच वर्षों में सबसे कम रहा अधिकतम पैकेज
सत्र अधिकतम पैकेज औसत पैकेज
– 2018-19 37 लाख 6.02 लाख
– 2019-20 60 लाख 7.17 लाख
– 2020-21 43.5 लाख 6.46 लाख
– 2021-22 44.5 लाख 8.82 लाख
– 2022-23 36 लाख 8.25 लाख